गोरखपुर। जिले में सोशल मीडिया रील बनाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेलिपार थाना क्षेत्र के भौवापार गांव स्थित तालाब में नहाते समय 16 वर्षीय छात्र शिवम गुप्ता गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
जिले में सोशल मीडिया रील बनाने का शौक एक किशोर की जिंदगी पर भारी पड़ गया। बेलिपार थाना क्षेत्र के भौवापार गांव स्थित तालाब में नहाने के दौरान 16 वर्षीय छात्र शिवम गुप्ता की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शिवम अपने तीन दोस्तों के साथ तालाब पर गया था। जहां दो दोस्त नहाने के लिए पानी में उतरे, जबकि एक वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। इसी दौरान शिवम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। वीडियो बना रहा उसका दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में कूदा, लेकिन सफल नहीं हो सका। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब चार घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार तालाब से शिवम का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, वहीं यह हादसा युवाओं में रील बनाने के बढ़ते जुनून और उससे जुड़े खतरों को भी उजागर करता है।
