सिंगरौली। जिले में रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग बढ़ाने और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने 15 अगस्त तक पीएम आवास योजना के 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण कराने, जल गंगा संवर्धन अभियान के लंबित कार्य माह के अंत तक समाप्त करने तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को कहा।
रीवा संभाग के कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की जमीनी मॉनिटरिंग बढ़ाने, लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम आवास प्लस, पीएम जनमन और धरती आबा योजना के तहत 15 अगस्त तक 60 प्रतिशत आवास निर्माण पूरा कराने का लक्ष्य तय करते हुए जनपद पंचायतों के सीईओ को नियमित फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए। जल गंगा संवर्धन अभियान के लंबित कार्य माह के अंत तक पूर्ण करने तथा “एक पेड़ मां के नाम” और “एक बगिया मां के नाम” अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी जोर दिया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, आजीविका मिशन, कानून व्यवस्था, राजस्व, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, शिक्षा, ऊर्जा और उद्योग विभाग की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने स्कूलों के 500 मीटर दायरे को ड्रग फ्री जोन बनाने, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सीमांकन-नामांतरण प्रकरणों का शीघ्र निराकरण, गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत स्वास्थ्य परीक्षण, कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों में पुस्तक एवं साइकिल वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने और उद्योगदीप क्षेत्र में निष्क्रिय पड़े औद्योगिक प्लॉटों का आवंटन निरस्त करने के भी निर्देश दिए।
