सिंगरौली। जिले के बरगवां नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 10 में स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने पीपल के पेड़ में शनिवार देर रात रहस्यमयी तरीके से आग लगने की घटना सामने आई। पेड़ के तने से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती देख स्थानीय लोग हैरान रह गए।
नगर परिषद बरगवां के वार्ड क्रमांक 10 में शनिवार देर रात एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। क्षेत्र में स्थित करीब 50 वर्ष पुराने पीपल के पेड़ के तने से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। घटना को देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 11 बजे पेड़ के भीतर से धुआं उठता दिखाई दिया, जो कुछ ही देर में आग की लपटों में बदल गया। आसपास कोई बिजली का तार या आग लगने का स्पष्ट स्रोत नहीं होने से घटना रहस्य बन गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ कई घंटों तक अंदर ही अंदर सुलगता रहा। सूचना मिलने के बावजूद दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में आग स्वतः ही शांत हो गई, लेकिन पेड़ का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद कुछ लोगों ने इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा, जबकि कई लोगों ने प्राकृतिक कारणों की संभावना जताई। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है।
