सिंगरौली। नवानगर थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस कोल माइंस में बुधवार को हुए एक औद्योगिक हादसे में पीसी मशीन ऑपरेटर इंद्रभान यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खदान के मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन कर कंपनी प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
जिले के नवानगर स्थित रिलायंस कोल माइंस में बुधवार को हुए दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। खदान में ड्यूटी के दौरान पीसी मशीन पलटने से ऑपरेटर इंद्रभान यादव की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और खदान के मुख्य द्वार पर जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। सिद्धिकला गांव निवासी इंद्रभान यादव रोज की तरह काम पर पहुंचे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी आखिरी ड्यूटी साबित होगी। काम के दौरान अचानक मशीन अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि हादसे की जानकारी देने और घटनास्थल दिखाने के बजाय शव को सीधे अस्पताल भेज दिया गया। इससे नाराज परिजन न्याय और कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और जांच का भरोसा दिलाया।
