शिवपुरी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर पालिका की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू भगवान लाल करोलिया को लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने नगर पालिका की स्थापना शाखा में पदस्थ बाबू भगवान लाल करोलिया को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के निलंबित एआरआई हरिवल्लभ चंदौरिया ने बाबू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि बहाली के एवज में बाबू ने सीएमओ के नाम पर 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, जिसमें से 20 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया। आरोपी ने दूसरी किस्त के रूप में 40 हजार रुपये लेने के लिए शिकायतकर्ता को अपने घर बुलाया। जैसे ही उसने पैसे लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। मामले में शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए ऑडियो में सीएमओ इशांक धाकड़ के नाम का भी जिक्र सामने आया है। हालांकि, फिलहाल बाबू को ही आरोपी बनाया गया है। जांच के बाद अन्य नाम भी एफआईआर में जोड़े जा सकते हैं। सीएमओ इशांक धाकड़ ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि बाबू के खिलाफ पहले से शिकायतें मिल रही थीं, इसलिए उसे पद से हटाया जा चुका था।
