सिंगरौली। सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी, वैढ़न में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में जिले की प्रतिभाओं ने अपनी रचनात्मकता और कला का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महिलाओं, स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से सामाजिक संदेशों के साथ भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी, वैढ़न में आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में कला, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता में जिले के स्थानीय कलाकारों, महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों द्वारा बनाई गई रंगोलियों में भारतीय संस्कृति, लोक कला, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को आकर्षक ढंग से उकेरा गया। रंग-बिरंगी कलाकृतियों से पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया और दर्शकों ने भी प्रतिभागियों की कला की जमकर सराहना की। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित “प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम” के तहत इस प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना रहा। महोत्सव के माध्यम से सिंगरौली की सांस्कृतिक विरासत और लोक कलाओं को बढ़ावा देने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। प्रतियोगिता के परिणामों में एकल सीनियर वर्ग में विनोद रजक ने प्रथम, अनुपमा गुप्ता ने द्वितीय तथा सुनिता साकेत एवं काजल साकेत ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। समूह श्रेणी में अंतिम पनिका की टीम प्रथम, पिंकी मरकाम एवं स्वाती मिश्रा द्वितीय तथा संगीता शाह, ऊषा शाह एवं साधना सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर एकल वर्ग में अनिका गुप्ता ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। साथ ही जानकारी दी गई कि सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत आगामी दिनों में कई सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
