सिंगरौली। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने कुल 253 आवेदनों की सुनवाई कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों की शिकायतों के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने 253 आवेदनों की सुनवाई की। उन्होंने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें विद्युत व्यवस्था से जुड़ी प्राप्त हुईं। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति एवं रखरखाव व्यवस्था में सुधार लाने तथा शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विस्थापन संबंधी समस्याओं को लेकर भी कई आवेदन प्रस्तुत किए गए। इन मामलों में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराएं तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। साप्ताहिक जनसुनवाई को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण शासन की प्राथमिकता है और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को त्वरित राहत प्रदान करने का प्रयास लगातार जारी है।
