सिंगरौली। नगर पालिक निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने अधिकारियों की समीक्षा बैठक में नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों पर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की सभी शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
नगर पालिक निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने निगम अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतोषजनक निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों की जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण कराने, वर्षाकाल में जलभराव, सड़क और नालियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री एवं मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम के रखरखाव, कंट्रोल रूम को 24×7 सक्रिय रखने, न्यायालय परिसर के सामने पुरुष एवं महिला शौचालय की समुचित व्यवस्था तथा सभी वार्डों में पेयजल गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि लोगों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
