सिंगरौली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जिले में सेवा गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर से शुरू होने वाला सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा सेवा और सामाजिक सहभागिता के रूप में मनाने की तैयारी में जुटा है। मोर्चा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाकर जिले में विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले दिन जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे और रक्तदान शिविर आयोजित होगा। वहीं, शाम 7 बजे बैढ़न के टॉकीज चौराहे पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
मोर्चा अध्यक्ष परवेज अहमद ने बताया कि अभियान का केंद्र बिंदु सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण है। कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प से भी आमजन को जोड़ा जाएगा।
