बलिया। जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। शादी के महज पांच महीने बाद नवविवाहिता का शव ससुराल में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता का शव ससुराल के कमरे में फंदे से लटका मिला। मामले में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, कठही गांव निवासी 23 वर्षीय डाली का शव रविवार दोपहर उसके ससुराल के कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी में पर्याप्त दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर डाली को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या की गई है। मृतका के दादा लालजी यादव की तहरीर पर पुलिस ने पति सत्येंद्र यादव, सास सुशीला देवी, ससुर सुग्रीव यादव, जेठ पिंटू यादव, पप्पू यादव और ननद रिंकू यादव समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। ओमवीर सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी पति सत्येंद्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
