जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज वारदात में बारात लेकर जा रहे दूल्हे की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
खेतासराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बारात लेकर जा रहे दूल्हे की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। पुलिस के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आजाद बिंद (27) अपनी बारात लेकर जा रहे थे। शाम करीब 7 बजे बारात बीबीपुर गांव के पास पहुंची ही थी कि तभी मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे और दूल्हे की गाड़ी को ओवरटेक कर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को परिजन और बाराती तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
