पीलीभीत। जिले में एक नाबालिग लड़की के पानी की टंकी पर चढ़ने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गांव के ही एक युवक द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद किशोरी नाराज होकर टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
जिले में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की शादी से इनकार किए जाने के बाद गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गई और आत्महत्या की धमकी देने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, मामला माधोटांडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने बताया कि किशोरी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी, लेकिन युवक द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद लड़की नाराज हो गई और गुस्से में पानी की टंकी पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही माधोटांडा थाना प्रभारी अशोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक समझाइश दी। करीब घंटों की मशक्कत के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा गया और थाने लाया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द नहीं किया गया है। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए विशेषज्ञों की मदद से काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि वह कोई आत्मघाती कदम न उठाए। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही किशोरी को परिवार के हवाले किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
