सिंगरौली। जिले के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में विद्यार्थियों के मानसिक विकास और खेल कौशल को निखारने के उद्देश्य से तीन दिवसीय शतरंज कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। यह पहल कलेक्टर श्री गौरव बैनल की मंशा के अनुरूप की गई है, जिसमें बच्चों को बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यशाला का आयोजन सिंगरौली चैस एसोसिएशन के सहयोग से किया जा रहा है। प्रशिक्षण शिविर में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय और शासकीय कन्या विद्यालय के छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को शतरंज की बारीक चालों, रणनीतियों और खेल के दौरान एकाग्रता बनाए रखने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए जा रहे हैं। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता को विकसित करना है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल के माध्यम से छात्रों में धैर्य, सोचने-समझने की क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यशाला को लेकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं शिक्षक और अभिभावक भी इस पहल की सराहना कर रहे हैं।
