सिंगरौली। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने शराब दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अव्यवस्थित पार्किंग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान मुख्य मार्ग और सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े वाहनों में व्हील लॉक लगाए गए तथा 20 वाहनों के चालान काटे गए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने मंगलवार को शराब दुकानों एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुख्य मार्ग और सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति मिलने पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। यातायात प्रभारी सूबेदार आशीष तिवारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन कर खड़े किए गए वाहनों में व्हील लॉक लगाए गए और 20 वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को भविष्य में केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की समझाइश दी गई। यातायात पुलिस ने शराब दुकान संचालकों को भी निर्देशित किया कि वे ग्राहकों के वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करें, ताकि सड़क पर जाम और दुर्घटनाओं की संभावना न बने। दुकानों के सामने अनावश्यक भीड़ न होने देने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करने की अपील की है।
