सिंगरौली। श्रम विभाग में बड़ा प्रशासनिक एक्शन लेते हुए श्रम निरीक्षक नवनीत कुमार पांडेय की सेवा समाप्त कर दी गई है। लंबे समय से विवादों में रहे इस मामले में शासन ने न्यायालय के निर्देशों के बाद कार्रवाई की है।
जिले मे श्रम विभाग में बड़ा प्रशासनिक भूचाल सामने आया है। लंबे समय से विवादों और चर्चाओं में रहे श्रम निरीक्षक नवनीत कुमार पांडेय की सेवा शासन द्वारा समाप्त कर दी गई है। बताया जा रहा है कि उनकी नियुक्ति को लेकर मामला हाईकोर्ट से होते हुए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार श्रम आयुक्त इंदौर संदीप जीआर द्वारा जारी आदेश में नवनीत पांडेय को पद से पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही रिकवरी की कार्रवाई के भी आदेश जारी किए गए हैं। नवनीत पांडेय रीवा, सीधी, कटनी सहित कई जिलों में पदस्थ रह चुके हैं। करीब दो वर्ष पहले उनकी सिंगरौली में दोबारा पदस्थापना हुई थी। सेवा समाप्ति के आदेश के बाद श्रम विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप की स्थिति है। सूत्रों के मुताबिक उनकी नियुक्ति में दिव्यांग कोटा का लाभ लेने को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। मामले में कानूनी प्रक्रिया और न्यायालयीन निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल विभागीय गलियारों में पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
