सिंगरौली। जिले के बैंक ऑफ महाराष्ट्र मे हुए सनसनीखेज बैंक लूट कांड में रेल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डेहरी रेलवे स्टेशन पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 15 लाख रुपये नकद और 61.77 ग्राम सोना बरामद किया गया है।
क्या था मामला:
सिंगरौली जिले के बैढ़न क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करीब 15–20 मिनट में 20 लाख रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने के आभूषण लूट लिए थे। घटना के दौरान फायरिंग और मारपीट से क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
ऐसे चढ़े आरोपी पुलिस के हत्थे-
सिंगरौली एक्सप्रेस ट्रेन में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में देखा गया। उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने डेहरी स्टेशन पर घेराबंदी की। ट्रेन के पहुंचते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से करीब 15 लाख रुपये नकद और 61.77 ग्राम सोना बरामद हुआ। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बरामद रकम और सोना सिंगरौली में हुए बैंक लूट कांड का हिस्सा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नालंदा जिले के कमलेश कुमार के रूप में हुई है, जो लूट का माल लेकर बिहार जा रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, साथ ही अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
