सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोनी गांव में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ एक तालाब में नहाने गए दो सगे संबंधी बच्चों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार सरई थाना क्षेत्र के कोनी गांव में सोमवार की दोपहर चीख-पुकार में बदल गई। तालाब में नहाने उतरे प्रमोद जायसवाल (पिता संतोष जायसवाल) और बलराम जायसवाल (पिता राधेश्याम जायसवाल) के रूप में दो परिवारों के चिराग बुझ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बच्चा गहरे पानी में फंसकर डूब रहा था, जिसे बचाने के लिए दूसरे ने अपनी जान की बाजी लगा दी। मासूमियत और दोस्ती के इस प्रयास का अंत बेहद दर्दनाक रहा। जब तक ग्रामीण और परिजन उन्हें पानी से निकालकर सरई अस्पताल ले गए, तब तक डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ उठे दो जनाजों से पूरा गांव स्तब्ध है।
