सिंगरौली। शहर के रेहड़ी-पटरी और ठेला व्यवसायियों के लिए राहत भरी खबर है। नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के तहत 1 जून से 30 जून तक निगम मुख्यालय में विशेष लोक कल्याण मेला आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 19 जून को पीएम स्वनिधि महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।
शहरी पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम सिंगरौली द्वारा 1 जून से 30 जून तक निगम मुख्यालय में विशेष लोक कल्याण मेला आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 19 जून को पीएम स्वनिधि महोत्सव का भव्य आयोजन भी किया जाएगा। भारत सरकार और नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले का उद्देश्य रेहड़ी-पटरी, ठेला संचालकों एवं अन्य छोटे व्यवसायियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। मेले में पात्र पथ विक्रेताओं को अपना व्यवसाय बढ़ाने के लिए बैंकों के माध्यम से 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक का कार्यशील पूंजी ऋण सरल शर्तों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही लाभार्थियों को डिजिटल लेन-देन और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने सभी शहरी पथ विक्रेताओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राही पहचान पत्र, समग्र आईडी, बैंक पासबुक तथा आधार से लिंक मोबाइल नंबर सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर निगम मुख्यालय के कक्ष क्रमांक-28 में पहुंचकर आवेदन और पंजीयन करा सकते हैं। नगर निगम ने पात्र हितग्राहियों से 30 जून तक आयोजित इस मेले में शामिल होकर सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेने का आग्रह किया है।
