सिंगरौली। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से नगर निगम सिंगरौली ने शुक्रवार को ‘अमृत हरित महाअभियान’ 2.0 की शुरुआत गनियारी मुक्तिधाम से की। अभियान का शुभारंभ विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ।
नगर निगम सिंगरौली द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से ‘अमृत हरित महाअभियान’ 2.0 का शुभारंभ गनियारी मुक्तिधाम से किया गया। कार्यक्रम में विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, कलेक्टर गौरव बैनल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पौधरोपण कर अभियान की शुरुआत की। अभियान के पहले दिन जनभागीदारी से 1,500 पौधे लगाए गए। नगर निगम ने पूरे निगम क्षेत्र में 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही जरूरी है और सिंगरौली को हरित एवं स्वच्छ शहर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनके संरक्षण के माध्यम से शहर को हराभरा बनाना है। कलेक्टर गौरव बैनल ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने बताया कि पौधों के संरक्षण के लिए ट्री गार्ड, नियमित सिंचाई और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि अभियान के बेहतर परिणाम मिल सकें।
