सिंगरौली। जिले में जनगणना 2026 की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल के निर्देशन में इस महत्वपूर्ण कार्य को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण के तहत 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (एचएलओ) की जा रही है।
जिले में जनगणना 2026 का कार्य शुरू हो गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल के निर्देशन में यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण के तहत 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है। जनजागरूकता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर से ‘जनगणना प्रचार रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी और संयुक्त कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव पाण्डेय मौजूद रहे। प्रचार रथ जिले के शहरों से लेकर दूरदराज ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर लोगों को जनगणना के महत्व और सहयोग के लिए जागरूक करेगा। पहले चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की स्थिति, निर्माण सामग्री, उपयोग और परिवार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी एकत्र करेंगे। साथ ही पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई और गैस कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी डेटा लिया जाएगा। परिवार की संपत्तियों जैसे टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, वाहन आदि की जानकारी भी दर्ज की जाएगी।
