सिंगरौली। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने के उद्देश्य से जिले के तीनों विकासखण्डों में ‘कृषि रथ’ संचालित किया जा रहा है। ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के तहत खरीफ सीजन की पूर्व संध्या पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
जिले के तीनों विकासखण्डों में किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देने के लिए ‘कृषि रथ’ अभियान चलाया जा रहा है। ‘कृषक कल्याण वर्ष 2026’ के तहत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाना है। खरीफ सीजन से पहले संचालित इस कृषि रथ के माध्यम से किसानों को ई-विकास प्रणाली द्वारा उर्वरक वितरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा फसल विविधीकरण जैसी आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही पराली प्रबंधन के प्रति भी किसानों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखी जा सके। अभियान के दौरान वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देते हुए ग्रीष्मकालीन फसलों जैसे उड़द, मक्का, तिल और मूंगफली की खेती के लिए किसानों को प्रेरित किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने किसानों को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित न रहकर पशुपालन, मुर्गीपालन, मछली पालन, फल एवं सब्जी उत्पादन जैसी सहायक गतिविधियों को अपनाने की सलाह दी है, जिससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके। कृषि रथ जिले के दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर किसानों को आधुनिक संसाधनों और योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहा है। इससे जिले के कृषि क्षेत्र में नई संभावनाएं और खुशहाली आने की उम्मीद जताई जा रही है।
