सिंगरौली। नगर निगम ने शहर को स्वच्छ और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सख्त अभियान शुरू कर दिया है। निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर स्वच्छता उपनिरीक्षक विशाल सोनी के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान सड़क पर गंदगी फैलाने वाले ठेला संचालकों और दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया।
शहर को स्वच्छ और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के निर्देश पर स्वच्छता उपनिरीक्षक विशाल सोनी के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाते हुए सड़क पर गंदगी फैलाने वाले ठेला संचालकों और दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मुख्य बाजारों और प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर सड़क पर कचरा फैलाने वाले ठेले वालों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया। साथ ही उन्हें दुकान और ठेले पर अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के निर्देश दिए गए। नगर निगम की टीम ने प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन कैरी बैग के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों और ठेलों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त की। दुकानों के बाहर गंदगी फैलाने वाले स्थायी दुकानदारों पर भी चालानी कार्रवाई की गई। नगर निगम ने सभी व्यापारियों और नागरिकों से स्वच्छता नियमों का पालन करने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।
