सिंगरौली। सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित “प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम” में शुक्रवार को जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वीवा क्लब विंध्यनगर एवं रीजनल लर्निंग इंस्टीट्यूट एनटीपीसी विंध्यनगर में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के युवा कलाकारों और स्कूली बच्चों ने अपनी कला और कल्पनाशक्ति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सिंगरौली महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार का दिन कला, रंगों और रचनात्मकता के नाम रहा। महोत्सव के “प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम” के तहत वीवा क्लब विंध्यनगर एवं रीजनल लर्निंग इंस्टीट्यूट एनटीपीसी विंध्यनगर में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के युवा कलाकारों और स्कूली बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से जीवंत कर दिया। प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने सिंगरौली की सांस्कृतिक विरासत, कोल माइंस, पावर प्लांट्स, ऐतिहासिक माडा गुफाएं, बुद्धा टेम्पल और रिहंद डैम जैसे स्थानीय प्रतीकों को आकर्षक ढंग से कैनवास पर उतारा। इसके साथ ही प्रतिभागियों ने नारी सशक्तिकरण, दहेज प्रथा, पर्यावरण प्रदूषण, ऊर्जा संरक्षण, जल संरक्षण और लोक जीवन जैसे सामाजिक विषयों को भी अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को जूनियर एवं सीनियर दो श्रेणियों में आयोजित किया गया था। सीनियर वर्ग में अभ्युदय सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आयुषी गुप्ता द्वितीय और संस्कृति प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं जूनियर वर्ग में आदर्श शाह ने प्रथम, मावी शाह ने द्वितीय तथा सत्यम शाह ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों की रचनात्मकता और कला कौशल ने उपस्थित लोगों को काफी प्रभावित किया। आयोजकों ने बताया कि “प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम” का उद्देश्य जिले की उभरती कलात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि रंगोली प्रतियोगिता के बाद आयोजित यह चित्रकला प्रतियोगिता भी बेहद सफल रही और इससे सिंगरौली की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने में मदद मिलेगी।
