सिंगरौली। जिले की स्थापना की 18वीं वर्षगांठ एवं नगर निगम के स्थापना दिवस के अवसर पर 24 मई से शुरू होने वाले सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यह भव्य आयोजन राजमाता चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में किया जाएगा।
जिले की स्थापना की 18वीं वर्षगांठ एवं नगर निगम के स्थापना दिवस के अवसर पर 24 मई से सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजमाता चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित होगा। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने आयोजन की तैयारियों को लेकर विभिन्न समितियों का गठन कर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को नोडल अधिकारी तथा सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं श्रृंगेरी पर्यटन विकास समिति को नोडल शाखा का दायित्व दिया गया है। महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, बॉलीवुड नाइट, कवि सम्मेलन, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां, प्रदर्शनी, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कलेक्टर ने सभी समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे 11 मई 2026 तक अपनी कार्ययोजना तैयार कर अनुमोदन प्राप्त करें, ताकि समय पर सभी तैयारियां पूरी हो सकें। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, बिजली, चिकित्सा, एम्बुलेंस और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। आमंत्रण पत्रों के डिजाइन, मुद्रण एवं वितरण की जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त और तहसीलदार सिंगरौली को दी गई है। इसके साथ ही दर्शकों के लिए पास व्यवस्था और स्थानीय कलाकारों को सम्मान प्रमाण पत्र देने के निर्देश भी दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को बेरिकेडिंग और वन विभाग को आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
