सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय करसो में शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के मामले में सहायक शिक्षिका श्यामवती सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
चितरंगी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय करसुआ में शिक्षिका के शराब के नशे में स्कूल पहुंचने के मामले ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर सहायक शिक्षिका श्यामवती सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी चितरंगी से जांच कराई गई थी। जांच के दौरान ग्रामीणों और विद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के बयान लिए गए। जांच प्रतिवेदन के आधार पर शिक्षिका पर विद्यालय में शराब के नशे में उपस्थित रहने और शैक्षणिक कार्य प्रभावित करने का आरोप प्रमाणित पाया गया। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी देवसर कार्यालय निर्धारित किया गया है।
