रूपनगर। जिले में सतलुज नदी में डूबने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। लोहंड खड्ड में हुई हालिया दुर्घटनाओं के बाद शनिवार को गांव नक्कियां के पास दरिया में नहाने गए एक 18 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव कोटला पावर हाउस निवासी दिलप्रीत सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिलप्रीत अपने दोस्तों के साथ दरिया में नहाने गया था। इसी दौरान उसने पानी में छलांग लगाई, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
जिले में सतलुज नदी में डूबने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। लोहंड खड्ड में हाल ही में हुई युवकों की मौत की घटनाओं के बाद शनिवार को गांव नक्कियां के पास दरिया में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार गांव कोटला पावर हाउस निवासी 18 वर्षीय दिलप्रीत सिंह अपने दोस्तों के साथ गांव नक्कियां स्थित दरिया में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नहाते समय दिलप्रीत ने पानी में छलांग लगाई, लेकिन संभवतः किसी पत्थर से टकराने के कारण वह संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में डूब गया। घटना के दौरान श्री आनंदपुर साहिब से गुरुधामों के दर्शन कर लौट रहे गोताखोर बंटी निवासी गांव डल्ला (जिला लुधियाना) ने तुरंत पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद उसे पानी से बाहर निकाल लिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में मातम का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रही डूबने की घटनाओं के बीच प्रशासन और स्थानीय लोगों ने नदी व दरियाई क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
