लखीमपुर खीरी। जिले के बल्लीपुर गांव के पास सुतिया नाले में मगरमच्छ के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जिले के बल्लीपुर गांव के पास स्थित सुतिया नाले में मगरमच्छ के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मझगईं थाना क्षेत्र के सुरजी पुरवा निवासी 46 वर्षीय खुशी राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, खुशी राम किसी काम से सुतिया नाले के पास गए थे। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डंडों की मदद से मगरमच्छ को भगाया, लेकिन तब तक खुशी राम गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हमले में उनके हाथ, पीठ और पेट पर गहरे घाव हो गए थे। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल निघासन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुधवा बफर ज़ोन की उप निदेशक कीर्ति चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा राजस्व भूमि क्षेत्र में हुआ है। वहीं, मझगईं फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर अंकित कुमार ने कहा कि सुतिया नाले में मगरमच्छों की मौजूदगी की जानकारी पहले से थी और ग्रामीणों को वहां जाने से सावधान किया गया था। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
