पोरसा। जिले में स्वर्गीय रेखा देवी गुप्ता की 9वीं पुण्यतिथि पर न्यू बनारसी दास सोशल फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माथुर वैश्य समाज के 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 50 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जिले में स्वर्गीय रेखा देवी गुप्ता की 9वीं पुण्यतिथि पर न्यू बनारसी दास सोशल फाउंडेशन द्वारा भव्य एवं प्रेरणादायी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला और तहसील स्तर पर 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले माथुर वैश्य समाज के 50 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन माथुर वैश्य धर्मशाला एवं नागाजी धाम में किया गया, जहां शिक्षा, सामाजिक सेवा और आध्यात्मिकता का सुंदर संगम देखने को मिला। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्मृति पट्टिका और प्रमाण पत्र प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित निःशुल्क डायबिटीज जांच शिविर में 157 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ प्राप्त किया। समारोह परम पूज्य डॉ. सुरेश शास्त्री के सानिध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के प्रथम चरण में गायत्री परिवार के विद्वानों द्वारा दीप यज्ञ किया गया। इसके बाद स्व. रेखा देवी गुप्ता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। चौथे चरण में डॉ. सुरेश शास्त्री जी महाराज की 791वीं श्रीमद्भागवत कथा पूर्ण होने पर उनका विशेष सम्मान किया गया। समारोह में प्रसिद्ध यूट्यूबर्स कुणाल वर्मा, अनूप शर्मा, माइकल और चंद्रभान सिंह तोमर सहित सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनुराधा देवेश सिंह तोमर रहीं। वहीं संत बृजकिशोर पागल दास, डॉ. पी.सी. गुप्ता, डॉ. अनिल गुप्ता, बीके रेखा बहिन, मोहन सिंह तोमर, मोहर सिंह तोमर, रामरूप सिंह तोमर, रामवीर सिंह तोमर और सुमन सिंह तोमर सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन राजेश श्रीवास्तव ने किया, जबकि अंत में रामकुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन शिक्षा प्रोत्साहन, सामाजिक एकता और मानवीय सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।
