सिंगरौली। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् द्वारा जिला पंचायत सभागार में स्वैच्छिक संगठनों की एक दिवसीय जिला स्तरीय समीक्षा एवं प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में जन अभियान परिषद् के शासी निकाय सदस्य कृष्णकांत द्विवेदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में सामाजिक संगठनों की भूमिका, ग्राम विकास और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता अवनीश द्विवेदी, जिला समन्वयक राजकुमार विश्वकर्मा तथा विकासखंड समन्वयक प्रभुदयाल दाहिया एवं विश्वनाथ रैदास उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि कृष्णकांत द्विवेदी ने कहा कि स्वैच्छिक संगठन समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने संगठनों से आह्वान किया कि वे ग्राम विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में बेहतर परिणामों के लिए सभी संस्थाओं को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने अपने संबोधन में कहा कि स्वैच्छिक संगठन सामाजिक जागरूकता और जनहितकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक संगठन किसी एक सामाजिक विषय को केंद्र में रखकर कार्य करे, जिससे उसकी विशिष्ट पहचान बने और समाज को अधिक लाभ मिल सके। कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञ अवनीश दुबे ने स्वैच्छिक संगठनों से जुड़े महत्वपूर्ण अधिनियमों, वैधानिक प्रक्रियाओं और पंजीयन संबंधी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही प्रतिभागियों को संगठन संचालन और कानूनी दायित्वों के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
