सिंगरौली। स्वच्छता सर्वेक्षण-2026 को लेकर नगर पालिक निगम सिंगरौली ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने वार्ड क्रमांक 43 एवं 44 सहित एनसीएल ग्राउंड बिलौंजी और एनसीएल ग्राउंड हर्रई क्षेत्र का सघन निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने कचरा प्रबंधन, नालियों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता व्यवस्था का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से कचरे का सुरक्षित निपटान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग प्राप्त करने के लिए जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य आवश्यक है। निरीक्षण के दूसरे चरण में निगमायुक्त ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की भी समीक्षा की। निर्माण कार्यों में उपयोग की जा रही सामग्री की जांच करते हुए उन्होंने संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की चेतावनी दी। साथ ही कार्यपालन यंत्री को सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन बताते हुए नागरिकों से भी इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
