सिंगरौली। जिले में स्वरोजगार योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर गौरव बैनल ने बैंकर्स और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं के लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लोगों को स्वरोजगार के लिए समय पर ऋण उपलब्ध हो सके।
बैठक में जिले के क्रेडिट-डेपोजिट रेशियो की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ऋण वितरण बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बैंकर्स और निवेशकों के संयुक्त व्यापार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें। कलेक्टर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी स्वरोजगार योजनाओं के हितग्राहियों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण और क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किए जाएं।
बैठक में साइबर सुरक्षा और डिजिटल बैंकिंग को लेकर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने तथा सभी बैंक खाताधारकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि डीबीटी के माध्यम से मिलने वाली सरकारी सहायता बिना किसी बाधा के सीधे खातों में पहुंच सके। उन्होंने बैंक शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि को सुरक्षा गार्ड तैनाती संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार करने का सुझाव दिया। बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला प्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
