सिंगरौली। गौरव बैनल ने समय-सीमा बैठक में जिले के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि टीकाकरण दिवसों के दौरान स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से केंद्रों का निरीक्षण करें, ताकि शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जा सके।
गौरव बैनल ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को टीकाकरण अभियान को लेकर सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि टीकाकरण दिवसों में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से केंद्रों का निरीक्षण करें, ताकि शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल किया जा सके। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी टीकाकरण सत्र निर्धारित समय के अनुसार संचालित हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। वहीं टीबी के हाई-रिस्क गांवों की पहचान कर प्राथमिक जांच और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आंगनवाड़ी केंद्रों के औचक निरीक्षण पर जोर देते हुए कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की उपस्थिति, गर्भवती महिलाओं के रिकॉर्ड, टीकाकरण स्थिति और पोषण आहार की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए। साथ ही ग्रामीणों से संवाद कर व्यवस्थाओं की फीडबैक भी ली जाए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा में खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ क्षेत्रों में नए हैंडपंपों के लिए एक सप्ताह में सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। शिक्षा विभाग को जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और असुरक्षित भवनों में कक्षाएं न चलाने के निर्देश दिए गए। गेहूं उपार्जन की समीक्षा में कलेक्टर ने उपखंड अधिकारियों को केंद्रों का निरीक्षण कर समय पर परिवहन और किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के तहत पानी की टंकियों की सफाई, पेयजल गुणवत्ता जांच और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के समयबद्ध निराकरण और जनगणना कार्य को त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने पर भी जोर दिया।
