सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे के बाद लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने रीवा-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और बस में तोड़फोड़ शुरू हो गई।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने रीवा-सिंगरौली नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर उसके शीशे भी फोड़ दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 8 बजे जयसवाल ढाबा के सामने तेज गति से आ रही एक बस ने सड़क किनारे मौजूद एक बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। मासूम की मौत से नाराज लोगों ने रीवा-सिंगरौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने बस में तोड़फोड़ कर उसके शीशे भी क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना की सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। काफी देर तक चले हंगामे और विरोध प्रदर्शन के बाद यातायात व्यवस्था को धीरे-धीरे बहाल किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
