सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत खुटार चौकी के देवरी मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। देवरी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कैंपर वाहन ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, कसर निवासी पवेंद्र शाह (30) अपनी बाइक से जा रहे थे। उनके साथ बाइक पर अनुज सिंह (45) भी सवार थे। दोपहर करीब एक बजे खुटार चौकी क्षेत्र में सामने से आए तेज रफ्तार कैंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पवेंद्र शाह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल अनुज सिंह की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के दौरान उनका एक पैर कटकर अलग हो गया। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर कैंपर वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
