सीतापुर। रामपुर कलां क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार बुआ-भतीजे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जिले के रामपुर कलां क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुआ-भतीजे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, विशाल पांडेय (19) अपनी बुआ ज्ञानी देवी (60) को बाइक से महमूदाबाद बाजार ले जा रहा था। इसी दौरान बिसवां-महमूदाबाद मार्ग पर किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।
