फर्रुखाबाद। जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर मोड़ पर टेम्पो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में पति-पत्नी और उनके दो साल के मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिले के राजेपुर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चाचूपुर मोड़ के पास टेम्पो और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, टेम्पो शाहजहांपुर के अल्लाहगंज की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में सतेन्द्र कुमार (33), उनकी पत्नी तनु (29) और उनके दो वर्षीय बेटे युवराज की मौत हो गई। वहीं टेम्पो में सवार 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार की हालत नाजुक होने पर उन्हें सैफई के हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
