सिंगरौली। जिले के व्यस्त माजन मोड़ चौराहे पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ऑटो किराए को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते सड़क पर मारपीट में बदल गया। करीब 15 मिनट तक मुख्य सड़क पर हंगामे जैसी स्थिति बनी रही और राहगीरों की भीड़ तमाशबीन बनी रही।
जिले के माजन मोड़ चौराहे पर गुरुवार सुबह ऑटो किराए को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क पर मारपीट तक पहुंच गया। करीब 15 मिनट तक मुख्य चौराहे पर हंगामे की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल पूरा मामला कोतवाली और नवानगर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित माजन मोड़ चौराहे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ऑटो चालक द्वारा महिला यात्री से तय किराए से अधिक पैसे मांगे जा रहे थे। इसी बात को लेकर महिला और चालक के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ता गया और मौके पर मौजूद कुछ अन्य युवक भी इसमें शामिल हो गए। इसके बाद सड़क पर धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक महिला और युवक एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि घटना के बाद मौके पर स्थिति सामान्य हो गई, लेकिन मुख्य चौराहे पर हुए इस हंगामे ने कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
