नोएडा। सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 16 वर्षीय नाबालिग किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गोदाम मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-113 थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय नाबालिग किशोर की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने गोदाम मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक अनूप रोड़ी-बदरपुर (भवन निर्माण सामग्री) के एक गोदाम में काम करता था। आरोप है कि गोदाम मालिक हरेंद्र ने नाबालिग होने के बावजूद उसे ट्रैक्टर चलाने के लिए दे दिया। बीती रात अनूप ट्रैक्टर से सामान लेकर सेक्टर-123 स्थित हिंडन डूब क्षेत्र की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अनूप ट्रैक्टर के नीचे दब गया। घटना के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की मां की शिकायत पर गोदाम मालिक हरेंद्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
