नेशनल डेस्क। गर्मी में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फल तरबूज को लेकर मुंबई के पायधुनी इलाके में हुई एक संदिग्ध घटना के बाद फूड सेफ्टी पर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले से लोगों में चिंता बढ़ गई है।
गर्मी के मौसम में सबसे ज्यादा पसंद किए जाने वाले फलों में शामिल तरबूज को लेकर मुंबई के पायधुनी इलाके में एक दर्दनाक घटना के बाद फूड सेफ्टी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध मौत के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार ने तरबूज का सेवन किया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत का वास्तविक कारण अभी जांच के दायरे में है और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। इस घटना के बाद विशेषज्ञों ने बाजार में मिलने वाले फलों में संभावित केमिकल और आर्टिफिशियल रंग के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ मामलों में जल्दी पकाने और आकर्षक दिखाने के लिए फलों में रसायनों का उपयोग किया जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इससे फूड पॉइजनिंग, पेट दर्द, उल्टी-दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं और गंभीर स्थिति में जान का खतरा भी बन सकता है। वहीं, एक्सपर्ट्स ने असली तरबूज की पहचान के लिए कुछ सुझाव भी दिए हैं, जैसे फल के नीचे पीला धब्बा होना, थपथपाने पर गूंजदार आवाज आना, रंग में प्राकृतिक असमानता और पानी में टेस्ट के दौरान रंग न निकलना। इसके साथ ही विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि तरबूज का सेवन दूध या दूध से बनी चीजों, खट्टे फलों और भारी भोजन के साथ नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे पाचन संबंधी समस्या हो सकती है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तरबूज स्वयं हानिकारक नहीं है, लेकिन मिलावट और गलत सेवन के कारण यह जोखिम भरा हो सकता है। यह घटना लोगों के लिए फूड सेफ्टी को लेकर एक महत्वपूर्ण चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।
