हमीरपुर। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मौदहा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर छिरका के पास देर रात ट्रक और वैन की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मौदहा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर छिरका के पास ट्रक और वैन की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, वैन कुरारा से बारात लेकर महोबा जा रही थी। इसी दौरान गिट्टी से लदे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद सभी घायलों को मौदहा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहन, आशीष, जितेंद्र और कमलेश को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
