सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38, तुलसी ढोटी के निवासियों को आज एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में लंबे समय से लंबित आर.ओ. प्लांट से लेकर मुक्ति धाम तक सड़क निर्माण की मांग आखिरकार पूरी हो गई।
नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38 स्थित तुलसी ढोटी क्षेत्र में आर.ओ. प्लांट से मुक्ति धाम तक बनने वाली डब्ल्यूबीएम सड़क का भूमि पूजन पार्षद एवं निगम की अपीलीय समिति के सदस्य अनिल वैश्य ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस सड़क निर्माण कार्य पर 10.12 लाख रुपये की लागत आएगी। स्थानीय नागरिक लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क बनने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को आवागमन में होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी। इस अवसर पर पार्षद अनिल वैश्य ने कहा कि वार्ड क्रमांक 38 में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। भूमि पूजन कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी अवनीश दुबे, प्रेमलाल वर्मा, शिवलाल शाह, लालचंद शाह, रामदयाल वर्मा, रामाधार साकेत, कैलाश साकेत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
