सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने समय-सीमा बैठक में जिले की औद्योगिक कंपनियों से संबंधित लंबित प्रकरणों और शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का संबंधित हितग्राहियों से संपर्क कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।
कलेक्टर गौरव बैनल ने समय-सीमा बैठक में औद्योगिक कंपनियों से संबंधित लंबित प्रकरणों और शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का संबंधित लोगों से संपर्क कर समय-सीमा में निराकरण किया जाए। कलेक्टर ने कहा कि विस्थापितों के प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए शासन के मापदंडों के अनुसार मुआवजा, भत्ते और अन्य देय लाभ उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि विस्थापितों को केवल भत्ते तक सीमित न रखते हुए उनकी शैक्षणिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर दिए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए। बैठक में लंबित विस्थापन भत्ता भुगतान की भी समीक्षा की गई। पात्र हितग्राहियों के लंबित भुगतान प्राथमिकता से करने तथा दस्तावेजों की कमी वाले मामलों में हितग्राहियों से संपर्क कर दस्तावेज पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, ओबी डंपिंग, दूषित जल रिसाव और अन्य पर्यावरणीय समस्याओं से जुड़ी शिकायतों के भौतिक सत्यापन के लिए संबंधित तहसीलदारों को स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के बाद वास्तविक स्थिति के आधार पर कंपनियों के माध्यम से समस्याओं का निराकरण कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
