सिंगरौली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दुधीचुआ शाखा ने तीन दिवंगत खाताधारकों के नामित परिजनों को कुल ₹2.10 करोड़ की दुर्घटना बीमा दावा राशि प्रदान की। दावा राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की गई, जिससे शोकाकुल परिवारों को समय पर आर्थिक संबल मिल सका।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की दुधीचुआ शाखा ने ग्राहक सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए तीन दिवंगत खाताधारकों के नामित लाभार्थियों को कुल ₹2.10 करोड़ की दुर्घटना बीमा दावा राशि प्रदान की। बैंक ने दावा राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित कर उन्हें समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। आयोजित कार्यक्रम में एनसीएल दुधीचुआ क्षेत्र के महाप्रबंधक विनोद कुमार सिंह, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के रीवा क्षेत्रीय कार्यालय के क्षेत्र प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक नवीन निश्चल सहित विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय राम सजीवन वैश्य की नामित लाभार्थी रामजानी देवी तथा स्वर्गीय संतोष कुमार दुबे की नामित लाभार्थी सुनीता देवी को ₹1-1 करोड़, जबकि स्वर्गीय अनिल तिर्की की नामित लाभार्थी सुनीता मिन्ज को ₹10 लाख की दुर्घटना बीमा दावा राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर अतिथियों ने बैंक की त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील दावा निस्तारण प्रक्रिया की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता प्रभावित परिवारों के लिए बड़ा संबल साबित होती है।
