सिंगरौली। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय आईटीआई सिंगरौली में “युवा संगम-रोजगार, स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” आयोजित किया गया।
जिला प्रशासन, रोजगार कार्यालय, उद्योग विभाग और आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। मेले में शामिल विभिन्न निजी कंपनियों और संस्थाओं ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार एवं काउंसिलिंग कर कुल 126 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया, जिनमें 9 महिला अभ्यर्थी भी शामिल रहीं। वहीं 57 युवाओं को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान 56 आवेदकों की करियर काउंसिलिंग कर उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक भी किया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे के मार्गदर्शन में आयोजित इस मेले को युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
