गोंडा। जिले के मनकापुर कस्बे में गुरुवार दोपहर एक महिला ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई, जहां महिला एक युवक के साथ खड़ी होकर बातचीत कर रही थी। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जिले के मनकापुर कस्बे में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना से सनसनी फैल गई। रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला ने मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे महिला रेलवे क्रॉसिंग के उत्तरी हिस्से में एक युवक के साथ बातचीत कर रही थी। इसी दौरान मनकापुर से गोंडा की ओर जा रही मालगाड़ी वहां पहुंची। लोगों ने बताया कि ट्रेन को देखते ही महिला अचानक तेजी से पटरी की ओर दौड़ी और इंजन के सामने कूद गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण कुछ समय तक रेल और सड़क यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान मनकापुर थाना क्षेत्र के खरिका बगिया गांव निवासी रानी (28) पत्नी अंकित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह स्थानीय आर्केस्ट्रा टीम में काम करती थी। परिवार में उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और करीब ढाई साल का बेटा शामिल है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। हादसे के बाद कार्रवाई को लेकर कुछ देर तक जीआरपी और स्थानीय पुलिस के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। इस दौरान रेलवे फाटक करीब ढाई घंटे तक बंद रहा। बाद में आरपीएफ और डायल 112 की टीम के हस्तक्षेप के बाद शव को ट्रैक से हटाकर यातायात बहाल कराया गया। मनकापुर थाना प्रभारी गौरव सिंह तोमर ने बताया कि जीआरपी से मेमो मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
