नशे में धुत ASI की बोलेरो ने टीचर को रौंदा, टीचर हुई दर्दनाक मौत।

नीमच। नीमच-जावद मार्ग पर शुक्रवार देर शाम दर्दनाक हादसे में ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज के शिक्षक दशरथ सिंह (42) की बोलेरो से कुचलकर मौत हो गई। बोलेरो चला रहा ASI मनोज यादव नशे की हालत में था। हादसे में मृतक का 10 वर्षीय बेटा हर्षित गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसके दोनों पैर काटने पड़े। पत्नी ललिता बाई (35) और बेटी जया (6) भी गंभीर रूप से घायल हैं।
यह सड़क हादसा नहीं, सिस्टम की बेपरवाही की एक दर्दनाक कहानी है। शुक्रवार शाम नीमच–जावद मार्ग पर शराब के नशे में धुत ASI मनोज यादव की बोलेरो (HR 99 ABS 1491) ने ज्ञानोदय आईटीआई कॉलेज के शिक्षक दशरथ सिंह (42) के परिवार को रौंद दिया। दशरथ की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय बेटा हर्षित अपने दोनों पैरों से हमेशा के लिए महरूम हो गया। पत्नी ललिता बाई (35) और छोटी बेटी जया (6) जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। स्थानीय लोगों ने जैसे-तैसे बोलेरो को रोका और आरोपी ASI को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। जांच में पुष्टि हुई कि वह ड्यूटी के दौरान नशे में था। उक्त मामले मे पुलिस ने ASI मनोज यादव को सस्पेंड कर FIR दर्ज कर ली है। घटना से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोग नशे में वाहन चलाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





