कलेक्टर ने एनसीएल अमलोरी परियोजना का किया भ्रमण, पर्यावरण व खनन सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा

सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने एनसीएल की अमलोरी परियोजना का भ्रमण कर परियोजना में किए जा रहे खनन कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, खनन सुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान परियोजना के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय महाप्रबंधक द्वारा परियोजना की प्रमुख विशेषताओं, उत्पादन की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा अपनाए गए नवाचारों की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने श्रमिकों के अधिकारों से संबंधित विषयों पर भी जानकारी ली तथा एचपीसी मानकों के अनुसार मजदूरों को दिए जा रहे वेतन, सुविधाओं एवं खदान में कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। कलेक्टर ने माइनिंग प्लान के अनुरूप किए जा रहे खनन कार्यों की समीक्षा की तथा खनन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वन विभाग द्वारा किए गए वृक्षारोपण की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परियोजना में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए ऑटोमैटिक व्हील वॉशिंग सिस्टम का अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण हेतु इसी प्रकार के आधुनिक नवाचारों को और अधिक शामिल किया जाए। साथ ही सामाजिक स्तर पर भी नवाचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के निर्देश दिए। इसके पश्चात कलेक्टर ने खदान के विभिन्न कार्यस्थलों का निरीक्षण कर कार्य-प्रक्रियाओं की समीक्षा की और सुरक्षित, पर्यावरण-केंद्रित एवं सतत विकास को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।





