महिलाओं में कैंसर के मामले पुरुषों की तुलना में ज्यादा।

अमेरिकन कैंसर सोसायटी की एक नई स्टडी के अनुसार महिलाओं में कैंसर के मामले पुरुषों की तुलना में तेजी से बढ़ रहे हैं। 50 साल से कम उम्र की महिलाओं में कैंसर के मामले पुरुषों से 82% अधिक पाए गए हैं। 2002 में यह अंतर 51% था।इस उम्र वर्ग की महिलाओं में स्तन कैंसर सबसे अधिक देखा गया है। यह हर साल 1.4% की दर से बढ़ रहा है जबकि अधिक उम्र की महिलाओं में यह दर 0.7% है।
अमरीका में 50 से 64 साल की उम्र की महिलाओं में कैंसर के मामले पुरुषों की तुलना में ज्यादा देखे गए। यह जानकारी कैंसर जर्नल फॉर क्लीनिशियन में प्रकाशित हुई है। 1900 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि महिलाओं में कैंसर के मामले पुरुषों से अधिक हो गए हैं। रिपोर्ट में कैंसर की दर बढ़ने के पीछे के स्पष्ट कारणों का उल्लेख नहीं है लेकिन शोधकर्ताओं का मानना है कि इसके पीछे मोटापा, जेनेटिक और पर्यावरणीय कारण हो सकते हैं। 1975 के बाद से सभी उम्र के पुरुषों में फेफड़ों के कैंसर के मामलों में कमी आई है। हालांकि प्रोस्टेट कैंसर के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। कैंसर के मामलों में वृद्धि गंभीर चिंता का विषय है। मोटापा, अस्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरणीय कारक इसे और बढ़ा रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि कैंसर के जोखिम को कम करने के लिए जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित जांच कराना बेहद जरूरी है।