महाराष्ट्र में फैक्ट्री हादसा: भीषण धमाके में एक की मौत, चार घायल

पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में गुरुवार देर शाम एक रासायनिक फैक्ट्री लिम्बानी साल्ट इंडस्ट्रीज में बड़ा हादसा हो गया। फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा करीब शाम 7:30 बजे हुआ। उस समय पांच मजदूर धातु और एसिड को मिलाने की प्रक्रिया में लगे थे। यह काम अत्यंत संवेदनशील और खतरनाक माना जाता है। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हो गया, जिससे पूरा परिसर हिल उठा और अफरातफरी मच गई। घटना में घायल मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई है। पालघर जिला आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख कदम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रासायनिक प्रक्रिया के दौरान हुए रिएक्शन से विस्फोट हुआ। इस हादसे के बाद पुलिस व प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री सुरक्षा मानकों को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।





