सांप के डंसने से मौसी-भांजी की मौत, अस्पताल पर लापरवाही के आरोप

महाराष्ट्र। के ठाणे जिले के डोंबिवली में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। खंबालपाड़ा इलाके में चार वर्षीय मासूम प्राणवी और उसकी 24 वर्षीय मौसी श्रुति ठाकुर की सांप के डंसने से मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली में सोमवार रात एक दुखद घटना सामने आई। खंबालपाड़ा इलाके में सांप के डंसने से चार साल की बच्ची प्राणवी और उसकी 24 वर्षीय मौसी श्रुति ठाकुर की जान चली गई। प्राणवी अपनी मां के साथ मायके आई हुई थी। रात में वह मौसी के पास सो रही थी, तभी सांप ने उसे डंस लिया। बच्ची के रोने पर श्रुति जागीं और उसे मां के पास ले गईं। इसी बीच उसी सांप ने श्रुति को भी काट लिया। आनन-फानन मे दोनों को शास्त्रीनगर अस्पताल ले जाया गया। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने शुरू में दोनों की हालत सामान्य बताई। कुछ देर बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई और दूसरे अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। श्रुति को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, मगर मंगलवार को उसकी भी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि समय पर सही इलाज मिलता तो दोनों की जान बच सकती थी। दो मौतों से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और स्वास्थ्य विभाग से जवाब-तलब किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा शुक्ला ने कहा कि मरीजों का इलाज किया गया था और एंटी-वेनम भी दिया गया था। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी और उचित कार्रवाई की जाएगी।